Report: A.K Choudhari
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को निर्मली विधानसभा क्षेत्र के राघोपुर में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। राघोपुर प्रखंड 73.3% मतदान हुआ।

लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने के लिए सुबह से ही मतदाता उत्साहित नजर आए। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ, वैसे ही अधिकांश बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं।

सुबह से ही लोगों में मतदान को लेकर जोश देखने लायक था। खासकर महिलाओं की भागीदारी इस बार उल्लेखनीय रही — कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की कतारें पुरुषों से कहीं लंबी देखी गईं।

प्रथम बार मतदान करने वाले युवा और नई मतदाता युवतियाँ भी लोकतंत्र के इस पर्व में पूरे जोश के साथ शामिल हुईं।

मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुँचे, जिससे उत्साह का माहौल और जीवंत दिखा।

प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अर्धसैनिक बलों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार गश्त कर रही थीं।

वहीं, प्रतिनियुक्त प्रशासनिक और जोनल पदाधिकारी भी समय-समय पर बूथों का निरीक्षण कर मतदान की स्थिति का जायजा लेते रहे, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनी रहे।

हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया कुछ समय के लिए बाधित रही।
- सिमराही नगर पंचायत के रामपुर स्थित बूथ संख्या 295 पर EVM खराब होने से करीब एक घंटे तक मतदान रुका रहा। बाद में मशीन बदली गई और मतदान पुनः सामान्य रूप से शुरू हुआ।
- रामविशनपुर पंचायत के बूथ संख्या 277 पर भी तकनीकी दिक्कत के कारण लगभग आधे घंटे तक मतदान बाधित रहा।
- बूथ संख्या 349 (मध्य विद्यालय डुमरी) में 1 घंटे 17 मिनट देरी से मतदान प्रारंभ हुआ।
- वहीं बूथ संख्या 286 (कन्या मध्य विद्यालय सिमराही) में भी तकनीकी खराबी के कारण लगभग 8 बजे मतदान शुरू हो पाया।
इन कुछ शुरुआती रुकावटों के बावजूद, मतदान का माहौल पूरे दिन शांतिपूर्ण बना रहा। राघोपुर, धरहारा, डुमरी, देवीपुर, दौलतपुर, करजाईन व सिमराही नगर पंचायत सहित विभिन्न पंचायतों के बूथों पर मतदाता दिनभर कतारों में डटे रहे।

दोपहर 12 बजे के आसपास कई केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या में थोड़ी कमी आई, लेकिन दोपहर 3 बजे के बाद पुनः भीड़ बढ़ने लगी, जो शाम 6 बजे तक जारी रही।

हालांकि बूथ संख्या 262 प्राथमिक विद्यालय इमामगंज फिंगलास पर शाम 6 बजे बाद भी कतार में मतदाता लगे रहे।

संपूर्ण मतदान प्रक्रिया के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

मतदाताओं, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों की तत्परता से निर्मली विधानसभा क्षेत्र में दूसरे चरण का मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।







