भव्य और विराट भारत की ‘यशोभूमि’, 15 कन्वेंशन हॉल, 11 हजार लोगों के बैठने की क्षमता, PM मोदी करेंगे उद्घाटन

न्यूज़ डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी दिल्ली के द्वारका में यशोभूमि नाम से इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (IICC) को आज (17 सितंबर) राष्ट्र को समर्पित करेंगे. अधिकारियों के मुताबिक 8.9 लाख वर्ग मीटर से अधिक के परियोजना क्षेत्र और 1.8 लाख वर्ग मीटर से अधिक कंस्ट्रक्टेड एरिया में फैला यह सेंटर दुनिया की सबसे बड़ी MICE (बैठकें, प्रोत्साहन, सम्मेलन और प्रदर्शनियां) सुविधाओं में शुमार होगा. इसमें 15 कन्वेंशन सेंटर और 11 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है।

दरअसल, देश में बैठकों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों की मेजबानी के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार करना पीएम मोदी का दृष्टिकोण है. द्वारका में यशोभूमि से इसे बढ़ावा मिलेगा. इसके पहले चरण के उद्घाटन के साथ ही वह द्वारका सेक्टर-21 से द्वारका सेक्टर-25 तक दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के विस्तार का भी उद्घाटन करेंगे।

कन्वेंशन सेंटर में पैटल सीलिंग की भव्यता लिए हुए ग्रैंड बॉलरूम होगा, जिसमें 2,500 मेहमान एक समय में शिरकत कर सकेंगे. इसमें एक बड़ा ओपन एरिया भी होगा, जिसमें 500 लोग बैठ सकते हैं। आठ मंजिल में फैले 13 मीटिंग हॉल में विभिन्न स्तरों की बैठकें आयोजित की जा सकेंगी। यशोभूमि दुनिया के सबसे बड़े प्रदर्शनी हॉलों में से एक होगा. 1.07 लाख वर्ग मीटर से अधिक एरिया में बने इन प्रदर्शनी हॉलों का उपयोग प्रदर्शनियों, व्यापार मेलों और व्यावसायिक कार्यक्रमों की मेजबानी के लिए किया जाएगा।

इस कन्वेंशन सेंटर में मुख्य सभागार, ग्रैंड बॉलरूम सहित 15 कन्वेंशन हॉल और 13 मीटिंग हॉल शामिल हैं, जिनकी कुल क्षमता 11,000 प्रतिनिधियों की है। कन्वेंशन सेंटर में देश की सबसे बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। कन्वेंशन सेंटर के मुख्य सभागार में लगभग 6,000 मेहमानों की बैठने की क्षमता है। ऑडिटोरियम में लकड़ी का फर्श होगा। साथ ही ऑटोमैटिक चेयर लगी होंगीं। इसके साथ ही ऑडिटोरियम की दीवारों पर साउंड पैनल लगाए जाएंगे, जो कि आगंतुकों को विश्व स्तरीय अनुभव प्रदान करेंगे।

जाने मिनट टू मिनट कार्यक्रम

  1. पीएम मोदी कल सुबह 11 बजे के आसपास धौला कुआं से द्वारका सेक्टर 25 तक मेट्रो से जाएंगे।
  2. सबसे पहले द्वारका सेक्टर 25 मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करेंगे
  3. उसके बाद IICC जाएंगे वहां 4 केंद्रीय मंत्री पीएम मोदी को रिसीव करेंगे।
  4. पीएम मोदी IICC का भ्रमण करेंगे।
  5. पीएम मोदी IICC का नामकरण करेंगे और उसके बाद विश्वकर्मा योजना की शुरुआत करेंगे।
  6. करीब 12:30 बजे के आसपास पीएम मोदी का भाषण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]