#INDvsPAK: वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को लगातार 8वीं बार पटका: भारत 7 विकेट से जीता मैच

न्यूज डेस्क: गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टडियम में भारत ने पाकिस्तान को ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लीग मैच में शनिवार (14 अक्टूबर, 2023) को 7 विकेट से धूल चटा दी। सबसे पहले तो पाकिस्तान की टीम 42.5 ओवर में 191 पर ढह गई, उसके बाद भारत ने मात्र ओवरों में इस स्कोर को चेज कर दिया। इस चेज का आगे बढ़ कर नेतृत्व किया खुद कप्तान रोहित शर्मा ने, जिन्होंने 63 गेंदों पर 86 रन जड़े। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और एक के बाद एक 6 छक्के जड़ डाले। हॉटस्टार की लाइव व्यूअरशिप 3.3 करोड़ तक पहुँच गई।

भारत को पहला झटका तब लगा जब कुछ दिनों पहले डेंगू से पीड़ित रहे शुभमन गिल 11 गेंदों पर 16 रन बना कर आउट हुए। विराट कोहली ने भी 18 गेंदों पर 16 रन बनाए। लेकिन, एक छोर से रोहित शर्मा का बल्ला गरजता रहा। पहले 10 ओवर में ही पाकिस्तानी गेंदबाजों ने 79 रन दे दिए थे। इससे पहले वर्ल्ड कप 2003 में पाकिस्तान की गेंदबाजी के सामने भारत ने सेंचुरियन में 88 रन बनाए थे। इसके बाद से पाकिस्तान के गेंदबाज वर्ल्ड कप में किसी भी टीम के खिलाफ पहले 10 ओवर में 79 रन नहीं पिटे।

जहाँ तक इस मैच में भारत की गेंदबाजी की बात है, पहली पारी में शार्दुल ठाकुर को छोड़ कर सभी 5 गेंदबाजों को दो- दो विकेट मिले, जिनमें शामिल हैं – जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा। 7 ओवर में मात्र 19 रन देने वाले बुमराह और 10 ओवर में मात्र 35 रन देने वाले कुलदीप यादव सबसे किफायती गेंदबाज रहे। जडेजा के 9.5 ओवरों में मात्र 38 रन बने। स्टेडियम में ‘जय श्री राम’ गाना भी बजा और दर्शक ‘भारत का बच्चा-बच्चा जय श्री राम बोलेगा’ गाते नज़र आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *