वाहन जांच के दौरान सड़क पर उतरी पुलिस ने काटा चालान, लौकहा, खुटौना व ललमनियां पुलिस ने वसूले हजारों रुपए

न्यूज डेस्क मधुबनी: मधुबनी के पुलिस कप्तान सुशील कुमार के निर्देश पर खुटौना प्रखंड अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्र के थानाध्यक्षों द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाते हुए ट्रैफिक नियमों का उलंघन करने वालों का चालान काटते हुए 24 हजार रुपए जुर्माना राशि की वसूली की गई।

लौकहा थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार मंडल ने स्थानीय सुभाष चौक पर वाहन जांच के दौरान 8000 रुपए के चालान काटे जबकि ललमनियां ओपी अध्यक्ष विपिन कुमार यादव ने सर्वाधिक 11000 रुपए का चालान काटा। वहीं प्रखंड मुख्यालय स्थित खुटौना थाना में थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच में 5000 के चालान काटे गए।

उक्त बाबत सभी थानाध्यक्षों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निदेेश पर सड़क सुरक्षा जागरूकता सह सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ऐसे वाहन चालकों से जुर्माने की राशि वसूली गई जिनके पास वाहन संबंधित दस्तावेजों में कमी पाई गई अथवा जो बगैर हेलमेट, बगैर शीट बेल्ट या ट्रिपल लोडिंग चल रहे थे। उनको भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी देते हुए चालान भरने को कहा गया।

वहीं पूछने पर लौकहा एसएचओ संतोष कुमार मंडल ने बताया कि सभी चालान ऑनलाइन मोड में काटे गए हैं। जबकि ओपी अध्यक्ष विपिन कुमार यादव ने बताया कि कई सारे वाहनों के इंश्योरेंस फेल होने की वजह से चालान काटा गया। वहीं खुटौना एसएचओ धनंजय कुमार ने बताया कि चालान काटना एक सबक सरीखा है ताकि लोग दुबारा ऐसी लापरवाही से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]