अररिया: मालदा से अयोध्या के लिए साइकिल से निकले दो राम भक्तों का किया गया स्वागत

रिपोर्ट: राहुल पराशर|अररिया

अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शिरकत करने के लिए राम भक्तों का अयोध्या कूच करने का सिलसिला शुरू हो गया है।पश्चिम बंगाल के मालदा से दो राम भक्त साइकिल से अयोध्या के लिए निकले हैं, जो गुरुवार की रात को फारबिसगंज पहुंचे। जहां विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ता सहित राम भक्तों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। 26 वर्षीय रवि विश्वकर्मा एवं अभिजीत वास कोट साइकिल की सवारी करके मालदा से अयोध्या की यात्रा पर निकले हैं। यात्रा के दौरान फारबिसगंज पहुंचने पर बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक मनोज सोनी की अगुवाई में साइकिल से निकले दोनों राम भक्तों का स्वागत किया गया और इस दौरान जय श्री राम के नारे लगाए गए। दोनों राम भक्त का रात्रि पड़ाव फारबिसगंज में हुआ, जिसको लेकर पूर्व बजरंग दल के जिला संयोजक मनोज सोनी ने अपने सहकर्मियों के साथ उनके रहने का समुचित प्रबंध किया।  दोनों भक्तों का पूर्व संयोजक मनोज सोनी ने भगवा गमछा से सम्मानित करते हुए फूल का माला पहना कर शुक्रवार को आगे के लिए विदा किया। पश्चिम बंगाल सहित नॉर्थ ईस्ट राज्यों से सैकड़ों की संख्या में राम भक्त पैदल यात्रा एवं साइकिल की सवारी से अयोध्या में होने वाले प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का हिस्सा बनने जा रहे हैं। वही फारबिसगंज हाईवे एनएच 57 से गुजरने के दौरान बजरंग दल की ओर से यात्रा कर रहे कार्यकर्ताओं का स्वागत किया जा रहा है।मौके पर विश्व हिंदू परिषद के गौ रक्षा प्रमुख डॉ अशोक कुमार, बजरंग दल के विकास श्रीवास्तव, सोनू राय, अजीत यादव, हर्ष राय, पवन झा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]