Bihar Weather: बिहार में अगले दो दिन खतरनाक शीतलहर का अलर्ट, लोगों से सावधान रहने की अपील

न्यूज़ डेस्क:

मौसम बदलने के साथ आजकल बिहार (Bihar) समेत पूरा उत्तर भारत भीषण ठंड की चपेट में है। बढ़ते ठंड को लेकर पटना मौसम विज्ञान केन्द्र ने राज्य में अगले दो दिनों तक कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। यूं कहें तो अगले दो दिन खतरनाक शीतलहर की संभावना हैं। मौसम विभाग द्वारा लोगों को सावधान रहने की चेतावनी दी गई है। वहीं शनिवार को प्रदेश में ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।

बता दें कि पटना, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, समस्तीपुर, दरभंगा, गोपालगंज एवं वैशाली में शनिवार को कोल्ड डे रहा। इसके अलावा राज्य के अधिकांश भागों में घना कोहरा छाया रहा। आगे भी ऐसी ही स्थिति बने रहने के आसार हैं। शनिवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान बांका में 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यही स्थिति शुक्रवार को गया में थी। राज्य में अधिकतम तापमान फारबिसगंज में 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में भीषण ठंड के आसार हैं। वर्तमान में तेज पछुआ हवा चल रही है। पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवा के कारण पूरे उत्तर भारत में कनकनी महसूस की जा रही है। शनिवार को पटना, गया एवं पूर्णिया में घना कोहरा छाया रहा। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 18.7 एवं न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

बता दें कि भीषण ठंड के कारण इन दिनों शाम ढलते ही राजधानी की सड़कों पर एवं बाजारों में सन्नाटा पसर जा रहा है। रात आठ बजे राजधानी की प्रमुख सड़कें खाली हो गईं थीं। ठंड से पशु-पक्षी काफी व्याकुल नजर आए।

Leave a Comment

[democracy id="1"]