मधुबनी: थाना में तब्दील ललमनियां व नरहिया ओपी का डीएसपी ने किया उद्घाटन

न्यूज़ डेस्क मधुबनी:

जिले के फुलपरास अनुमंडल अंतर्गत लौकहा थाना के ललमनियां ओपी एवं लौकही थाना के नरहिया ओपी को थाना में तब्दील किया गया। सोमवार को दीप प्रज्ज्वलित करते हुए फीता काट कर इसका विधिवत् उद्घाटन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुधीर कुमार ने किया। उद्घाटन समारोह के दौरान थानाध्यक्ष विपिन कुमार यादव ने डीएसपी सुधीर कुमार को बुके देकर सम्मानित किया।

सम्बोधित करते हुए एसडीपीओ सुधीर कुमार ने कहा कि राज्य भर के 176 ओपी को अपग्रेड किया गया है जिसमें उनके क्षेत्राधिकार के दो ओपी थाना में तब्दील हुऐ हैं। उन्होंने कहा कि थाना बन जाने से एक तरफ़ जहां लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन रखने के लिए पुलिस बल की संख्या में इज़ाफा होगा वहीं अपराध नियंत्रित रखने में भी अपेक्षाकृत तेजी आयेगी। उन्होंने कहा कि ओपी से थाना बन जाने के कारण कई मामलों में ओपी अध्यक्ष आत्मनिर्भर बनेंगे। पहले ओपी रहने के कारण हर-छोटे बड़े कागजी कार्यवाही को लेकर पैरेंट थाना पर निर्भर रहना पड़ता था। थाना बन जाने से इलाके के लोगों को भी सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने ललमनियां थानाध्यक्ष विपिन कुमार यादव को नई जिम्मेवारी मिलने पर बधाई देते हुए क्षेत्र के आम लोगों व जन प्रतिनिधियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

वहीं थानाध्यक्ष विपिन कुमार यादव ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हें बतौर थानाध्यक्ष खाकी वर्दी में आम लोगों की सेवा करने का सुअवसर मिला है। उन्होंने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि ललमनियां पुलिस आम लोगों की सेवा व सुरक्षा में दिन-रात लगी और और ईमानदारी पूर्वक अपना काम कर रही है। ओपी से थाना बन जाने पर अब उन्हें भी काम करने में काफी आसानी होगी व वे सदैव उत्साह के साथ कर्तव्य निर्वहन करेंगे।

मौके पर उपस्थित लौकहा विधानसभा के पुर्व विधायक प्रत्याशी दिनेश गुप्ता, जिप सदस्य चंद्र भूषण साह, मुखिया संघ के अध्यक्ष कपिलेश्वर यादव, सरपंच दिलशाद आलम ने भी थानाध्यक्ष विपिन कुमार को शुभकमना प्रेषित करते हुए खुशी जताई।

उद्घाटन समारोह के अवसर पर अंचल पुलिस निरीक्षक राजकपूर, लौकहा थानाध्यक्ष शंकर शरण दास, खुटौना थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, लदनियां थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, लौकही के पुर्व थानाध्यक्ष रमेश कुमार, पीएसआई चिन्मय कुमार, महबूब आलम, केशव पाठक सहित काफ़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल के जवान मौजुद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]