बड़ी खबर: भीषण गर्मी को लेकर सरकार का फैसला, बिहार के सभी स्कूल 15 जून तक रहेंगे बंद, स्कूली बच्चों के साथ शिक्षकों की भी रहेगी छुट्टी

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार में भीषण गर्मी और हिटवेव को देखते हुए राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को आगामी 15 जून तक के लिए बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग की तरफ से जारी अलर्ट को देखते हुए शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है। इस दौरान स्कूलों में शिक्षकों की भी छुट्टी रहेगी। केके पाठक की विदाई के बाद शिक्षकों के लिए यह राहत भरी खबर है।

बिहार सरकार के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से 14 जून तक राज्य के अनेक स्थानों में भीषण गर्मी और लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस अलर्ट को ध्यान में रखते हुए 11 से 15 जून तक सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित किया जाता है। इस दौरान सभी स्कूलों के शिक्षक भी अवकाश पर रहेंगे।

दरअसल, बिहार में भीषण गर्मी के कारण पिछले दिनों स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों के बेहोश होने की खबरें सामने आने के बाद मुख्यमंत्री के आदेश पर 9 जून तक सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई थी लेकिन शिक्षकों को स्कूल आना पड़ रहा था। छुट्टी खत्म होने के बाद आज जैसे ही स्कूल खुले फिर से राज्य के अलग-अलग हिस्सों से स्कूलों में बच्चों के बेहोश होने की खबर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]