सुपौल: राघोपुर में ढाबे पर चाय पी रहे युवक पर हथियारबंद अपराधियों ने किया हमला, हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही अंतर्गत धर्मपट्टी में एनएच 57 किनारे स्थित एक ढाबे पर गुरुवार की रात करीब 9 बजे कुछ युवक चाय पी रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस घटना में अपराधियों ने तीन राउंड गोली चलाई और फिर युवकों के साथ मारपीट भी की। इस हमले में कुंदन कुमार और नीरज कुमार नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें तुरंत रेफरल अस्पताल राघोपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने राघोपुर थाना में छह नामजद और तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

बता दें कि थाना में दिए आवेदन में सिमराही दिनादास टोला निवासी सतीस कुमार सुमन ने बताया कि वह और उसके दोस्त ढाबे पर चाय पी रहे थे, इसी दौरान तीन बाइक पर सवार नौ अपराधी हथियारों के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। सतीस ने अपनी शिकायत में कहा कि उसने छह अपराधियों की पहचान की, जिनमें सिमराही निवासी केशु चौधरी, प्रिंस कुमार, रितिक कुमार, देवीपुर कोरियापट्टी निवासी आशीष कुमार, सरायगढ़ भपटियाही थाना क्षेत्र के मुरली गांव निवासी प्रिंस कुमार और प्रभास कुमार शामिल हैं। गाली-गलौज के दौरान, केशु चौधरी के कहने पर सूर्या कुमार ने पिस्टल से सतीस पर गोली चलाई, जिसके बाद सतीस अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागकर छिप गया। इसके बाद अपराधियों ने वहां मौजूद सतीस के दोस्तों पर हमला कर दिया। केशु ने कुल्हाड़ी से कुंदन कुमार के दाहिने पैर पर प्रहार किया, जिससे उनका पैर कट गया। प्रिंस ने पिस्टल के बट से नीरज कुमार के सिर पर प्रहार किया, जिससे उनका सिर फट गया। घटना के दौरान, केशु और प्रिंस ने सूर्या से कहा कि नीरज और सतीस को गोली मारकर हत्या कर दो। लेकिन जब आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे, तो सभी अपराधी 3 राउंड हवा फायरिंग कर वहां से भाग निकले।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले केशु चौधरी और प्रिंस कुमार का नीरज कुमार के साथ विवाद हुआ था, जिसमें नीरज ने केशु को थप्पड़ मारा था। इसी बात का बदला लेने के लिए केशु और प्रिंस ने सूर्या को सुपारी दी थी। हालांकि, हत्या की वारदात को अंजाम देने में विफल रहने पर उन्होंने नीरज और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जीवछ कुमार और प्रशान्त वर्मा को चोटें आईं।

इधर, राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया गया है और प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]