सुपौल: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर 10 फीट हवा में उड़कर गिरी घर पर, हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के फिंगलास पंचायत के नरहा बेरदह गांव वार्ड नम्बर 5 में शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (बीआर 11 पीसी 6597) अनियंत्रित होकर 10 फीट की हवा में उड़कर एक फूस के घर पर जा गिरी। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, फूस के घर और उसमें रखे हजारों रुपये के सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा।

बता दें कि मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर थाना क्षेत्र के पटोरी डोगरा निवासी ब्रजेश कुमार साह अपने तीन अन्य साथियों गम्हारिया निवासी दीपक कुमार (28), मनीष कुमार यादव (30), और हिमांशु कुमार (31) के साथ नेपाल घूमने गए थे। लौटने के क्रम में  बेरदह गांव के पास स्कॉर्पियो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो लगभग 10 फीट की ऊंचाई पर उड़ते हुए एक फूस के घर पर गिर गई।

अफरा-तफरी का माहौल

बता दें कि दुर्घटना की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को किसी तरह से स्कॉर्पियो से बाहर निकाला और 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

वहीं पीड़ित गृहस्वामी सोआलाल पंडित ने बताया कि हादसे में उनका फूस का घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। इसके अलावा, एक मोटरसाइकिल, एक साइकिल और घर में रखा हजारों रुपये का सामान भी नष्ट हो गया।

इस बाबत राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]