सुपौल: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर राघोपुर में 4 सितंबर को 1.5 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की दवा

न्यूज़ डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के रेफरल अस्पताल राघोपुर में शनिवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) और आशा कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी 4 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के लिए तैयारी करना था।

जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीप नारायण राम ने बताया कि इस दिन 1 वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कृमि मुक्ति दिवस के तहत सभी बच्चों को, जो इस आयु वर्ग में आते हैं, एल्बेंडाजोल की खुराक दी जानी है। नामांकित बच्चों को उनके स्कूलों में यह दवा खिलाई जाएगी, जबकि जो बच्चे स्कूल में नामांकित नहीं हैं, उन्हें यह खुराक आंगनवाड़ी केंद्रों पर दी जाएगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को उनके कार्य क्षेत्र में जाकर लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक नोमान अहमद ने जानकारी दी कि कुल 281 आंगनवाड़ी केंद्रों पर सेविका और आशा कार्यकर्ता बच्चों को दवा खिलाएंगी, जबकि लगभग 90 विद्यालयों में शिक्षक यह जिम्मेदारी निभाएंगे। पूरे प्रखंड क्षेत्र में लगभग 1,49,280 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा, दवा खाने के बाद यदि किसी बच्चे पर विपरीत प्रभाव पड़ता है, तो उससे निपटने के लिए एक क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) भी गठित की गई है। इस मौके पर बीसीएम मो शादाब, बीएनएमई राजेश पाण्डेय, सोनू सिंह, शाहिद इकबाल सहित अन्य कर्मी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *