सुपौल: राघोपुर में आम बागान में युवक की लाश मिलने से फैली सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत वार्ड नंबर 3 स्थित एक आम बागान में शनिवार सुबह करीब 5 बजे एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धरहरा वार्ड नंबर 8 निवासी बैद्यनाथ साह उर्फ पूनम साह के 22 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार साह के रूप में की गई है। सोनू राघोपुर पंचायत निवासी अमरेंद्र यादव के जेसीबी मशीन का चालक था और वह सुपौल-पिपरा के बीच निर्माणाधीन रेलवे लाइन पर काम करता था।

सूचना मिलते ही सोनू के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उसकी मृत अवस्था देख परिजनों में शोक का लहर दौड़ गया। शव मिलने के बाद परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए न्याय की मांग की। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को गणपतगंज बाजार ले जाकर एनएच 106 पर जाम कर दिया, जिससे सड़क पर यातायात लगभग एक घंटे तक बाधित रहा। इस बीच, राघोपुर थाना प्रभारी नवीन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया।

जानकारी देते हुए मृतक के पिता बैद्यनाथ साह ने बताया कि सोनू शुक्रवार की रात अपने घर फोन कर बताया था कि वह रात को घर नहीं आ पाएगा और अमरेंद्र यादव के पेवर ब्लॉक प्लांट में ही रुक जाएगा। जिसके बाद शनिवार सुबह अमरेंद्र यादव ने उन्हें जानकारी दी कि सोनू शराब पीकर आम बागान में सो रहा है। जब परिवार वाले मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सोनू की लाश जमीन पर पड़ी हुई थी, उसके कान से खून बह रहा था और गले पर निशान थे।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुरेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि सभी बिंदुओं पर जांच की जा सके। डीएसपी ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

मृतक का फाइल फोटो

वहीं, जेसीबी मालिक अमरेंद्र यादव ने बताया कि सोनू निर्माणाधीन रेलवे लाइन पर काम करता था और जेसीबी मशीन खराब होने के कारण वह पिछले दो-तीन दिनों से राघोपुर में था। शुक्रवार रात वह खाना खाकर कहीं चला गया था और शनिवार सुबह उसकी लाश आम बागान में मिली। फिलहाल, पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]