सुपौल: नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 51.890 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो नेपाली तस्कर गिरफ्तार

न्यूज डेस्क सुपौल:

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर तैनात एसएसबी की 45वीं बटालियन ने 51.890 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों तस्कर नेपाल के निवासी हैं। एसएसबी 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि दो व्यक्ति ब्राउन शुगर की तस्करी करते हुए ई-रिक्शा के जरिए भारत से नेपाल की ओर सीमा पार करने की योजना बना रहे हैं। सूचना के अनुसार, वे कटैया-सहरसा चौक से सीमा स्तंभ संख्या 206/4 के पास से नेपाल जाने की फिराक में थे।

इस जानकारी के आधार पर एसएसबी के विवेक पांडे एवं अन्य 7 सदस्यों की एक टीम को तुरंत भेजा गया। टीम ने संदिग्ध स्थान पर विशेष नाका लगाकर मुस्तैदी से निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद, एक ई-रिक्शा रामजानकी मंदिर के पास संदिग्ध हालत में नेपाल की ओर जाते हुए देखा गया। एसएसबी के जवानों ने ई-रिक्शा को रुकने का संकेत दिया और उसे चारों ओर से घेर लिया।

रिक्शा की सघन तलाशी के दौरान, उसमें एक प्लास्टिक की पुड़िया छुपाकर रखी गई पाई गई, जिसमें ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ भरा था। तलाशी के बाद दोनों तस्करों को हिरासत में लिया गया। उनकी पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के भरदा निवासी 27 वर्षीय ललन मल्लाह और 26 वर्षीय मो. अकबर के रूप में हुई है। दोनों के पास से 51.890 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

वहीं, एसएसबी के द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों तस्करों को सुपौल के भीम नगर थाने को सौंप दिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]