सुपौल: स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में राघोपुर में राजद कार्यकर्ताओं ने दिया धरना प्रदर्शन, पुराने पोस्टपेड मीटर की बहाली की मांग

न्यूज डेस्क सुपौल:

मंगलवार को राघोपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कार्यकर्ताओं द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह धरना प्रदेश भर में लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड विद्युत मीटर के खिलाफ था, जिसका नेतृत्व राजद नेता राजेन्द्र प्रसाद यादव ने किया। धरना कार्यक्रम का संचालन उमेश यादव ने किया, जबकि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव कुमारी मधु यादव मौजूद रहीं।

धरना प्रदर्शन के दौरान कुमारी मधु यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार द्वारा प्रदेश भर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार आ रही हैं कि इन मीटरों के जरिए पहले की तुलना में काफी अधिक बिजली बिल आ रहा है। इस कारण उपभोक्ताओं, विशेषकर मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर से हो रहा यह आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार से मांग की कि पुराने पोस्टपेड मीटरों को फिर से लगाया जाए ताकि उपभोक्ताओं को सही और सुलभ दर पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

राजद नेता राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर से गरीब उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाला जा रहा है। खपत से अधिक बिल भेजे जाने के कारण गरीब परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार स्मार्ट प्रीपेड मीटर हटाकर पुनः पुराने पोस्टपेड मीटर नहीं लगाती, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले समय में इसे और भी व्यापक स्तर पर किया जाएगा।

मौके पर शब्बीर आलम, सलीमा खातून, बलराम यादव, बलदेव रजक, रोजित साफी, रामदेव मंडल, मो जियाउद्दीन, संतोष चौधरी, दयानंद यादव, राजाराम मंडल, निर्मल कुमार, हेमकांत कुमार, भोला दास, राजेश्वर रजक, आशीष कुमार, क्रांति कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]