बाइक सवार अपराधियों का कहर: सुपौल में फाइनेंस कंपनी के कर्मी को गोली मारकर सवा लाख रुपये की लूट

न्यूज डेस्क सुपौल:

बिहार के सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मी को बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर करीब सवा लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद जख्मी कर्मी को इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

फाइनेंस कंपनी के कर्मी इंद्रजीत कुमार, जो सुपौल के पिपरा स्थित भारत माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड कंपनी में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि घटना देर शाम करीब 7:30 बजे की है। वे कलेक्शन के लिए क्षेत्र के चार समूहों से लोन की ईएमआई वसूलकर नहर पर बनी सड़क से लौट रहे थे। तभी मानगंज के पास एक बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।

अपराधियों ने इंद्रजीत कुमार के पैर में गोली मारकर वसूली किए गए करीब सवा लाख रुपये लूट लिए। इसके साथ ही कंपनी का टैब और अन्य सामान भी छीन लिया। अपराधियों ने उनकी बाइक भी छीन ली थी, लेकिन थोड़ी देर बाद घटना स्थल पर बाइक को छोड़ दिया।

त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. बी.एन. पासवान ने बताया कि फाइनेंस कर्मी के पैर में गोली लगी है। इलाज के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

जानकारी देते हुए पीड़ित इंद्रजीत कुमार ने बताया कि वे मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श गांव वार्ड 7 के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने अचानक उन पर हमला किया और उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया। लूटे गए पैसे कंपनी के ग्राहकों से कलेक्शन के थे।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए छानबीन कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

घटना से क्षेत्र में दहशत

इस घटना के बाद क्षेत्र के स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है। लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]