सुपौल: होली पर्व को लेकर राघोपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना परिसर में बुधवार को आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम नीरज कुमार ने की। इस मौके पर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, बीडीओ ओम प्रकाश, सीओ रश्मि प्रिया, थानाध्यक्ष नवीन कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि होली का त्योहार शुक्रवार को मनाया जाएगा और उसी दिन जुम्मे की नमाज भी अदा की जाएगी, इसलिए सभी लोग आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ अपने-अपने पर्व को मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरे क्षेत्र में सतर्क रहेगा, लेकिन आम जनता की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें।

एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि होली पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय भूमिका में रहेगा। प्रत्येक चौक-चौराहे पर प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध या भ्रामक जानकारी की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की।

डीजे और भड़काऊ गानों पर रहेगा प्रतिबंध

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि होली के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा, किसी भी प्रकार के अश्लील या भड़काऊ गानों को बजाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर

बैठक में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी होली का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा। साथ ही, कुछ लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि गद्दी चौक और गनपतगंज क्षेत्र संवेदनशील हो सकते हैं, जहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता होगी।

बैठक में प्रो. कमल यादव, प्रो. बैद्यनाथ भगत, अताउर रहमान, ललित जायसवाल, महेंद्र प्रसाद गुप्ता, गंगा यादव, मित्तन यादव, सुरेंद्र मंडल, विपिन साह, विवेक जायसवाल, अभिनंदन दास, राधा देवी, बिंदा प्रसाद गुप्ता, प्रकाश यादव, मो. टुन्ना, नूर आलम, प्रकाश चौधरी, राधेश्याम भगत, प्रमोद साह, दिलीप पूर्वे, राजेंद्र यादव, मो. अकरम, युवराज मंडल, डॉ. तजमूल, चंदू दास, रामचंद्र शर्मा, मो. ह्यूम, सूर्य नारायण साह, सागर यादव, विक्की भगत, नरेश कुमार, रामदेव यादव, रिंकू भगत, संत अमरजीत, अविनाश चौधरी सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]