सुपौल: रेफरल अस्पताल में आंख जांच की सुविधा शुरू, मरीजों में खुशी की लहर

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रेफरल अस्पताल में लंबे समय से मरीजों को आंख जांच की सुविधा का अभाव झेलना पड़ रहा था। आंख विशेषज्ञ डॉक्टरों और टेक्नीशियन की कमी के कारण लोगों को अपनी आंखों की जांच और इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब मरीजों को बड़ी राहत मिली है। रेफरल अस्पताल में आंख विशेषज्ञ डॉक्टर डॉ. सुभाष चंद्र मंडल की नियुक्ति के बाद शुक्रवार से आंख जांच की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। इसके साथ ही टेक्नीशियन रोहित कुमार की भी तैनाती की गई है। मरीजों के लिए अस्पताल में अत्याधुनिक जांच उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।

डॉ. सुभाष चंद्र मंडल ने जानकारी देते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और सुलभ नेत्र चिकित्सा सेवाएं देना है। उन्होंने बताया कि यहां मोतियाबिंद का ऑपरेशन, चश्मा उपलब्ध कराना, दवाओं की सुविधा सहित आंखों से जुड़ी अन्य बीमारियों का इलाज किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि उन्हें बाहर जाकर इलाज कराने की जरूरत न पड़े।

वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीप नारायण राम ने बताया कि रेफरल अस्पताल को आंख जांच से संबंधित अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके माध्यम से अब स्थानीय लोगों को मोतियाबिंद ऑपरेशन, चश्मा वितरण, दवा वितरण सहित सभी जरूरी सुविधाएं यहीं अस्पताल में दी जा सकेंगी।

मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में आंख विशेषज्ञ सेवाओं की शुरुआत को सराहा है और कहा कि इससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सरकार और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इससे गरीब और दूरदराज के मरीजों को बहुत फायदा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]