सुपौल: किशनपुर में 339 लीटर विदेशी शराब के साथ XUV जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसी टोल प्लाजा के पास बुधवार को पुलिस ने गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 339 लीटर विदेशी शराब के साथ एक एक्सयूवी कार (BR28L-7744) को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान मिथलेश कुमार (22 वर्ष), पिता स्व. शिवचंद्र राम, साकिन हरपुर एलोथ, थाना मुसरीघरारी, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के निर्देश पर अवर निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में सशस्त्र बल के साथ चल रही नियमित गश्ती के दौरान यह कार्रवाई की गई। टोल प्लाजा के पास सफेद रंग की XUV कार को रोका गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस की तत्परता से उसे धर दबोचा गया।

तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से GREEN LABEL और McDowell’s ब्रांड की कुल 506 बोतलें (339 लीटर) विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा एक नोकिया मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड भी जब्त किया गया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिथलेश ने खुलासा किया कि वह यह शराब बंगाल से लेकर समस्तीपुर लौट रहा था, जहां इसे संतोष कुमार नामक व्यक्ति को डिलीवर किया जाना था। इस तस्करी में समस्तीपुर निवासी संतोष कुमार और राहुल कुमार भी शामिल हैं, जिन्होंने मिथलेश को मोटे पैसे का लालच देकर इस कार्य में लगाया था।

फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]