बिहार के 10 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट, उमस से मिलेगी राहत

न्यूज डेस्क पटना:

प्रदेश में लगातार बढ़ती उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि बिहार के 10 जिलों में अगले तीन घंटे के भीतर झमाझम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

बताया गया है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब और अधिक सक्रिय हो गया है, जिससे यह स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया है। इसके प्रभाव से राज्य में वर्षा की संभावना प्रबल हो गई है।

जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें बेगूसराय, समस्तीपुर, खगड़िया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, बांका और जमुई शामिल हैं। इन जिलों के एक-दो स्थानों पर गरज के साथ भारी वर्षा हो सकती है। पटना और उसके आसपास के इलाकों में भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं, मानसून की स्थिति को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि इस बार बिहार के उत्तर भागों में मानसून कमजोर रहा है। पूरे प्रदेश में अब तक सामान्य से 44 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। अब तक कुल 241.9 मिमी वर्षा हुई है जबकि सामान्य औसत 432.2 मिमी होना चाहिए था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *