सुपौल: खनन विभाग की कार्रवाई, अवैध सफेद बालू लदे ट्रैक्टर को किया जब्त

न्यूज डेस्क सुपौल:

खनन विभाग की टीम ने अवैध खनन के विरुद्ध एक सटीक कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र के कटैया पावर हाउस के समीप सफेद बालू से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। यह कार्रवाई खनन विभाग के पदाधिकारियों द्वारा की गई, जिसमें स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा।

भीमनगर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जब्त किए गए ट्रैक्टर पर लगभग 100 घन फीट सफेद बालू लदा हुआ था। जब विभाग की टीम ने चालक से बालू के वैध कागजात और चालान की मांग की, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ऐसे में ट्रैक्टर को तत्काल जब्त कर भीमनगर थाना परिसर में खड़ा कराया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना वसूलने के बाद ही ट्रैक्टर को विमुक्त किया जाएगा। विशेष बात यह रही कि जब्त ट्रैक्टर में किसी प्रकार की नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिस कारण इंजन नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *