होमगार्ड बहाली में शामिल युवती से एंबुलेंस में दुष्कर्म, चालक और टेक्नीशियन गिरफ्तार

न्यूज डेस्क बोधगया:

बिहार में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के दौरान शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गया जिले की एक महिला अभ्यर्थी के साथ अस्पताल ले जाने के दौरान एंबुलेंस में दुष्कर्म किया गया। मामला बोधगया थाना क्षेत्र स्थित बिहार सैन्य पुलिस (BMP) परिसर से जुड़ा है, जहां युवती शारीरिक परीक्षा में शामिल होने आई थी।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को शारीरिक परीक्षा के दौरान एक महिला अभ्यर्थी अचानक बेहोश हो गई। उसे इलाज के लिए BMP परिसर में मौजूद एंबुलेंस से अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। युवती के होश में आने के बाद उसने चिकित्सकों को बताया कि रास्ते में एंबुलेंस चालक और टेक्नीशियन ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और एंबुलेंस चालक विनय कुमार (निवासी – उतरैन, कोच प्रखंड) और टेक्नीशियन अजीत कुमार (निवासी – चांदपुर, तेल्हारा थाना, नालंदा) को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

गया सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की पहचान पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। आरोपियों के खिलाफ बोधगया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

महिला सुरक्षाकर्मी की अनुपस्थिति को लेकर उठे सवालों पर सिटी एसपी ने बताया कि महिला सुरक्षाकर्मी ग्राउंड ड्यूटी पर तैनात थीं और अस्पताल भेजे जाने के दौरान युवती के परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके थे।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की प्रक्रिया जारी है। यह घटना बहाली प्रक्रिया में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरा सवाल खड़ा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]