सुपौल: राघोपुर प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, कार्यशैली पर उठे सवाल

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड पंचायत समिति में प्रशासनिक हलचल उस समय तेज हो गई जब समिति के कई सदस्यों ने वर्तमान प्रखंड प्रमुख मोहम्मद फिदा हुसैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल कर दिया। सदस्यों ने प्रमुख पर कार्य संचालन में पारदर्शिता की कमी, योजनाओं के चयन में मनमानी और निर्धारित समय पर बैठकों का आयोजन नहीं करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

सदस्यों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन में कहा गया है कि प्रमुख बैठक की कार्यवाही को समय पर रजिस्टर में दर्ज नहीं करते, जिससे जवाबदेही और पारदर्शिता प्रभावित हो रही है। इसके अलावा यह भी आरोप लगाया गया है कि योजनाओं का अधिक लाभ उनके अपने निर्वाचन क्षेत्र तक सीमित है, जिससे अन्य पंचायत क्षेत्रों के विकास कार्य बाधित हो रहे हैं।

बैठकों में शामिल कई मुखिया प्रतिनिधियों ने भी अपनी असहमति जताई है, और कई बार बैठक से अनुपस्थित रहने की बात सामने आई है। वहीं सदस्यों ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान उप प्रमुख के कार्य संतोषजनक हैं और फिलहाल उनके खिलाफ कोई असंतोष नहीं है। हालांकि भविष्य में अगर कोई अनियमितता पाई जाती है तो उस पर भी विचार किया जाएगा।

इस अविश्वास प्रस्ताव की प्रति प्रखंड विकास पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी वीरपुर एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुपौल को सूचनार्थ भेजी गई है। पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]