सुपौल: वीरपुर में भाजपा की विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता कार्यशाला आयोजित,  मंत्री नीरज कुमार सिंह बोले – “कार्यकर्ताओं के दम पर ही जीतती है भाजपा”

न्यूज डेस्क सुपौल:

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिले के वीरपुर मुख्यालय स्थित एक होटल के सभागार में भाजपा की विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद वंदे मातरम् गान के साथ कार्यशाला की विधिवत शुरुआत हुई।

मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने की। मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, झारखंड की पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, मंत्री प्रतिनिधि राघवेंद्र झा, विधायक प्रतिनिधि गोपाल आचार्य सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस कार्यशाला में बूथ स्तर से लेकर पंचायत और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने बताया कि इस कार्यशाला के जरिए कार्यकर्ताओं को चार प्रमुख विषयों पर प्रशिक्षित किया गया है, जिनमें संगठन सुदृढ़ीकरण, जनसंपर्क, प्रचार रणनीति और लाभकारी योजनाओं की जानकारी शामिल है।

इस दौरान 25 नये सशक्त कार्यकर्ताओं को नामित कर विशेष जिम्मेदारियां दी गईं। कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी (₹400 से ₹1100 तक) जैसे फैसलों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

मंत्री नीरज कुमार सिंह ने कहा, “भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। यह कार्यशाला दरअसल कार्यकर्ताओं के सम्मान और प्रशिक्षण का मंच है। हमारे कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं, उन्हीं के दम पर हम चुनाव जीतते हैं।”

कार्यशाला के समापन के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखा गया। बंद कमरे में नेताओं ने चुनावी जीत के मूल मंत्र भी साझा किए। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]