सुपौल: सिमराही में भाजपा की एकदिवसीय शक्ति केंद्र कार्यशाला संपन्न, बूथ सशक्तिकरण और तिरंगा यात्रा पर बनी रणनीति

न्यूज डेस्क सुपौल:

भाजपा सिमराही नगर के द्वारा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया के आवासीय कार्यालय में एकदिवसीय शक्ति केंद्र कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने की, जबकि मंच संचालन नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा ने किया।

कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश मंत्री सह क्षेत्रीय सह प्रभारी सत्येंद्र राय भट्ट, जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बैद्यनाथ भगत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ सशक्तिकरण की रणनीतियों और पार्टी की आगामी तिरंगा यात्रा पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रदेश मंत्री सत्येंद्र राय भट्ट ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता अपने बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी को जीत दिला सकता है। बूथ सशक्तिकरण से न केवल चुनावी सफलता मिलेगी बल्कि संगठन की जड़ें और भी मजबूत होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर शक्ति केंद्र में पूरी मजबूती से सक्रिय रहने और तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा अपने कर्तव्यों में अग्रणी रहते हैं, यही पार्टी की मजबूती का कारण है। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा को मंडल स्तर पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। पिछले वर्ष सुपौल जिला ने इस यात्रा में राज्यस्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया था, और इस बार इसे ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य है।

नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने बूथ अध्यक्ष और बूथ लेवल एजेंट (BLA) को सक्रिय करने पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और विचारों का प्रचार-प्रसार हर घर तक पहुंचाना हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए। वहीं, बैद्यनाथ भगत ने कहा कि हर वर्ग के लोगों तक पार्टी की योजनाओं को पहुंचाने के साथ-साथ महिला मोर्चा के माध्यम से तिरंगा यात्रा में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, सीमा कुशवाहा, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विनीता देवी, विधानसभा विस्तारक मनोज साह, नगर महामंत्री राजकुमार पोद्दार, नगर उपाध्यक्ष संगीता सरकार, अति पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष किशोर दास सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे।

कार्यशाला के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने बूथ सशक्तिकरण और तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण और मनोबल के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]