सुपौल : श्रीराम हत्याकांड: मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

न्यूज डेस्क सुपौल:

Shriram murder case: जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन 10 अगस्त 2025 को हुए श्रीराम यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी सहित चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुरली वार्ड नंबर-05 निवासी श्रीराम यादव को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में भपटियाही थाना कांड संख्या-179/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों में मुरली वार्ड नंबर-05 निवासी मनीष कुमार, लालगंज वार्ड नंबर-07 निवासी मदन साह उर्फ मदन कुमार गुप्ता, नीतिश कुमार और सतीश कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह किशनपुर थाना कांड संख्या-142/25 (बिहार मद्यनिषेध अधिनियम) और प्रतापगंज थाना कांड संख्या-88/20 (धारा-392 भादंवि) में भी आरोपित रह चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]