सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, कई ट्रेनों के स्थायी संचालन, नई परियोजनाओं व ठहराव की रखी विस्तृत मांग

न्यूज डेस्क :

सुपौल संसदीय क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी, यात्री सुविधाओं और विकास को लेकर मंगलवार को सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत ने संसद भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने एक विस्तृत पत्र सौंपकर वाया ललितग्राम, सरायगढ़ और सुपौल होकर चलने वाली कई अस्थायी ट्रेनों के स्थायी संचालन, नई ट्रेनों की शुरुआत, महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव और लंबित रेल परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की।

सांसद की मुख्य मांगें

सांसद कामैत ने कहा कि वर्तमान में पूर्व मध्य रेल, समस्तीपुर मंडल अंतर्गत वाया ललितग्राम, सरायगढ़ और सुपौल होकर कुछ ट्रेनों का अस्थायी रूप से विस्तार किया गया है, जिससे यात्रियों को सुविधा मिली है। इन ट्रेनों को स्थायी रूप से संचालित करना अत्यंत आवश्यक है।

स्थायी संचालन हेतु प्रस्तावित प्रमुख ट्रेनें:

  1. सहरसा–अमृतसर जनसाधारण साप्ताहिक एक्सप्रेस (14603/04) – ललितग्राम तक स्थायी विस्तार और नियमित संचालन। फिलहाल यह स्पेशल (05503/04) के रूप में ललितग्राम तक चल रही है।
  2. सहरसा–आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस (05579/80) – स्थायी रूप से संचालन।
  3. सहरसा–पटना राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12567/68) – ललितग्राम तक स्थायी विस्तार, फिलहाल स्पेशल (05569/70) के रूप में चल रही है।
  4. सहरसा–नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस (12553/54) – ललितग्राम तक विस्तार, वर्तमान में स्पेशल (05514/13, 05516/15) के रूप में परिचालन।
  5. दानापुर–पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12149/50) – सुपौल तक स्थायी विस्तार, जो फिलहाल स्पेशल (03349/50) के रूप में चल रही है।

नई ट्रेनों की शुरुआत की मांग

  • कटिहार/जोगबनी से नई दिल्ली और अमृतसर के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेन – फारबिसगंज, राघोपुर, निर्मली होकर परिचालन, जिससे सीमांचल, कोसी और मिथिलांचल को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
  • सहरसा–अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस – वाया सुपौल-दरभंगा अथवा ललितग्राम-सहरसा होकर शीघ्र प्रारंभ।
  • सहरसा–सुपौल–मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन – जिससे आर्थिक राजधानी से सीधा जुड़ाव हो सके।
  • सहरसा–ललितग्राम डेमू (75206/05) – फारबिसगंज तक विस्तार और सुबह 6:30 बजे फारबिसगंज से सहरसा तक परिचालन शुरू करना।

प्रतापगंज में ठहराव की मांग

सांसद ने गाड़ी संख्या 14603/14604 जनसाधारण एक्सप्रेस (05503/05504) का प्रतापगंज रेलवे स्टेशन पर 2 मिनट का ठहराव करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह बड़ा आबादी वाला क्षेत्र है और इससे लोगों को अमृतसर व अन्य बड़े शहरों की यात्रा में सुविधा के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

रेलवे भूमि के उपयोग का सुझाव

सांसद ने बताया कि ललितग्राम में रेलवे की लगभग 70-80 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जिसका उपयोग वाशिंग पिट लाइन और यार्ड निर्माण में किया जा सकता है। वर्तमान में सहरसा में जगह की कमी के कारण ट्रेनों के रखरखाव में कठिनाई हो रही है, जिसे इस भूमि के सदुपयोग से दूर किया जा सकता है।

नई परियोजनाओं का शिलान्यास

सांसद ने गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 8 अगस्त 2025 को सीतामढ़ी में घोषित सीतामढ़ी, सुरसंड, जयनगर और निर्मली नई रेल परियोजना के लिए 2400 करोड़ रुपये की स्वीकृति का उल्लेख करते हुए कहा कि इस परियोजना का शिलान्यास बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कर कार्य आरंभ किया जाए।

रेल मंत्री का आश्वासन

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की सभी मांगों को सुनते हुए आश्वासन दिया कि जनहित में इन पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]