दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा पर हंगामा: पीएम मोदी को गाली देने का वीडियो वायरल, कांग्रेस और राजद पर भाजपा का बड़ा हमला

News Desk Darbhanga:

बिहार में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा इन दिनों लगातार चर्चा में है। बुधवार को दरभंगा जिले के अतरबेल में आयोजित सभा के दौरान इस यात्रा से जुड़ा एक विवाद सामने आया, जिसने सियासी हलचल तेज कर दी है। दरअसल, सभा के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

नौशाद पर आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम यूथ कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद ने आयोजित किया था। नौशाद दरभंगा के जाले विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के दावेदार बताए जाते हैं। आरोप है कि रैली के दौरान उन्होंने पीएम मोदी को लेकर अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया। मंच से बोले गए अपशब्द इतने अपमानजनक बताए जा रहे हैं कि उन्हें सार्वजनिक रूप से दोहराना भी संभव नहीं।

गौरतलब है कि नौशाद का नाम हाल ही में एक अन्य विवाद से भी जुड़ा रहा है। तीन दिन पहले जाले क्षेत्र में टिकट के दूसरे दावेदार मशकूर उस्मानी की पिटाई की घटना हुई थी, जिसमें उनका सिर फट गया था। अब इस नए विवाद के बाद कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी भी चर्चा में है।

बीजेपी का पलटवार

वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों पर तीखा हमला बोला है। बिहार बीजेपी ने अपने एक्स (X) हैंडल पर लिखा:

“राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माताजी के लिए बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई। यह यात्रा अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है।”

बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकाली जा रही यह यात्रा अब “जनता के अधिकार” की बजाय “अपशब्द और अपमान की राजनीति” का प्रतीक बन चुकी है।

भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा:

“राहुल गांधी जी आप मंच पर खड़े होकर जिस तरह की भाषा और गाली माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लिए उपयोग कर रहे हैं और करवा रहे हैं, बिल्कुल ही बर्दाश्त के काबिल नहीं है। आपको देश से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। मोदी जी का सम्मान पूरा देश और दुनिया करती है। एक गरीब का बेटा, एक ओबीसी का बेटा प्रधानमंत्री बना, यही बात आपको और आपके साथियों को हजम नहीं हो रही है।”

कांग्रेस और राजद पर भी वार

बीजेपी ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने पहले भी बिहार का अपमान करने वाले नेताओं जैसे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और तेलंगाना के नेता रेवंत रेड्डी को मंच पर बुलाया था। अब उनकी हताशा इस हद तक पहुंच गई है कि मंच से प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माताजी को गाली दिलवाई जा रही है।

बीजेपी नेताओं का कहना है कि इस घटना से बिहार की जनता गुस्से में है और राहुल-तेजस्वी को कभी माफ नहीं करेगी।

विवादों के बावजूद राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा जारी है। बुधवार को उन्होंने सीतामढ़ी में मां जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा की शुरुआत की। उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एक दिन पहले सुरक्षा कारणों से दर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी।

राहुल गांधी की यात्रा गुरुवार को मोतिहारी तक जाएगी। पहले तय कार्यक्रम के अनुसार यह यात्रा 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में रैली के साथ समाप्त होनी थी, लेकिन रैली की अनुमति नहीं मिलने के कारण अब इसे पटना में रोड शो के जरिए खत्म करने का फैसला किया गया है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से हाईकोर्ट स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक पदयात्रा करेंगे और वहीं यात्रा के समापन का ऐलान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]