बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा दांव, स्वास्थ्यकर्मियों के मानदेय में बंपर बढ़ोतरी

News Desk Patna:

विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार सरकार ने राज्य के स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ी सौगात दी है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नियोजित स्वास्थ्यकर्मियों के मानदेय में 11 हजार रुपये से लेकर 21 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। यह निर्णय राज्यभर में कार्यरत हजारों स्वास्थ्यकर्मियों को राहत देने वाला माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, लैब टेक्नीशियन और एक्स-रे टेक्नीशियन का मानदेय 37 हजार रुपये से बढ़ाकर 48 हजार रुपये कर दिया गया है। वहीं, वरीय रेडियोग्राफर का मानदेय 37 हजार रुपये से बढ़ाकर 58 हजार रुपये कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से करीब 500 रेडियोग्राफर और टेक्नीशियन सीधे लाभान्वित होंगे।

इसके अलावा अन्य श्रेणियों के नियोजित स्वास्थ्यकर्मियों को भी इसका फायदा मिलेगा। राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि मानदेय वृद्धि का आदेश तुरंत प्रभाव से लागू होगा।

पहले भी कई श्रेणियों को मिला लाभ

बता दें कि हाल के महीनों में सरकार ने कई अन्य श्रेणियों के कर्मियों के मानदेय में भी इजाफा किया है। इसमें आशा कार्यकर्ता, ममता वर्कर्स, फिजिकल टीचर और मध्यान्ह भोजन (MDM) रसोइए शामिल हैं। अब स्वास्थ्यकर्मियों को लाभ देकर सरकार ने यह संकेत दिया है कि वह चुनाव से पहले सभी वर्गों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है।

राजनीतिक मायने

विशेषज्ञों का मानना है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नीतीश सरकार का यह कदम सीधे तौर पर स्वास्थ्यकर्मियों और उनके परिवारों को खुश करने वाला है। चुनावी माहौल में इस तरह की घोषणाओं को विपक्ष भले ही “चुनावी तोहफा” कहे, लेकिन सरकार इसे कर्मचारियों के हक में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय बता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]