सुपौल: पिपरा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन, नेताओं ने भरी हुंकार, बिहार विधानसभा चुनाव में 230+ सीटें जीतने का लक्ष्य

Report: Amresh Kumar|Supaul

जिले के पिपरा प्रखंड स्थित भागीरथ उच्च माध्यमिक विद्यालय, निर्मली के खेल मैदान में गुरुवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इसमें एनडीए के पांचों घटक दलों के वरीय नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एकजुटता की ताकत का संदेश दिया। पिपरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए और पूरा पंडाल महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं से खचाखच भर गया। सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव में 230 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाने का संकल्प दिलाया गया।

केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर बोले – कार्यकर्ताओं का जनसैलाब ही एनडीए की ताकत

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि पिपरा में उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब एनडीए की वास्तविक ताकत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के आधे जिलों में अब तक कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं और जहां-जहां सम्मेलन हुए हैं, वहां अभूतपूर्व सफलता मिली है। ठाकुर ने कहा कि इन आयोजनों ने यह साबित कर दिया है कि एनडीए के घटक दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और सभी दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की सरकार एक बार फिर बनेगी और विकास की रफ्तार और तेज होगी।

नीरज बबलू का तेजस्वी-राहुल पर निशाना

मंत्री नीरज कुमार बबलू ने विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिनके घर में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री रहे, वे लोग आज तक नौवीं कक्षा तक पास नहीं कर पाए और अब बिहार के विकास की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में देश का सबसे लंबा पुल सुपौल में बन रहा है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में उद्योग-कारखानों का जाल बिछाने का संकल्प लिया है। उन्होंने याद दिलाया कि दो दशक पहले बिहार अपहरण और अपराध की घटनाओं से जूझ रहा था, लेकिन एनडीए सरकार ने अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई है।

ललन सराफ का तंज – “टप्पुओं के झांसे में मत आना”

विधान परिषद उप नेता ललन सराफ ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में एनडीए सरकार के तहत चौतरफा विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि एनडीए एकजुट है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि आजकल ‘अप्पू-टप्पू’ घूम रहे हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं को उनके झांसे में नहीं आना है।

अशोक कुमार बोले – “230 से अधिक सीटें जीतकर रचेंगे इतिहास”

पूर्व मंत्री डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि बिहार में एनडीए की सुशासन की नीति को जनता लगातार समर्थन देती आ रही है। लोकसभा चुनाव के नतीजे भी इसका प्रमाण हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार एनडीए 230 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा और मोदी-नीतीश-चिराग-उपेंद्र-जीतनराम मांझी के नेतृत्व में इतिहास रचेगा।

विधायक रामविलास कामत ने गिनाईं उपलब्धियां

स्थानीय विधायक रामविलास कामत ने नीतीश सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि आज बिहार में महिलाओं का सशक्तिकरण हो रहा है और युवाओं को रोजगार देने की योजनाएं सफल साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में अब बड़े-बड़े उद्योग खोलने की तैयारी चल रही है। कामत ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे हमेशा उनके लिए उपलब्ध रहेंगे।

रालोमो और लोजपा (रा) नेताओं का संबोधन

रालोमो की प्रदेश नेत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का नहीं बल्कि बिहार के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के बहकावे में न आने की अपील की। वहीं लोजपा (रा) संसदीय बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष हुलास पांडेय ने कहा कि एनडीए सरकार के काम आज देश के हर कोने में दिख रहे हैं।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में नेताओं की मौजूदगी

कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव ने की, जबकि संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र ऋषिदेव ने किया। इस मौके पर विधान परिषद के पूर्व उपसभापति हारुन रशीद, पूर्व विधायक लखन ठाकुर, उदय गोइत, जदयू जिला पर्यवेक्षक मनीष यादव, रामबाबू कुशवाहा, सीताराम मंडल, हम के चकधर ऋषिदेव, धर्मपाल मेहता, गौतम शेखर, राघव झा, भगवान चौधरी, युगल किशोर अग्रवाल, सचेंद्र कुमार (नेहरू यादव), जगदीश यादव, प्रमोद मंडल, ललिता जायसवाल, पूनम यादव, निर्धन पासवान सहित बड़ी संख्या में एनडीए नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]