सुपौल: सिमराही में भाजपा कार्यकर्ताओं का फूटा आक्रोश, राहुल गांधी का पुतला दहन – पीएम मोदी की मां पर टिप्पणी को बताया देश का अपमान

News Desk Supaul:

जिले के नगर पंचायत सिमराही में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया। यह विरोध प्रदर्शन दरभंगा में कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में किया गया। इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन माधोगड़िया ने किया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान सचिन माधोगड़िया ने कहा कि राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता को लेकर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि पूरे देश का अपमान है। इस असंवेदनशील बयान के लिए राहुल गांधी को सार्वजनिक रूप से पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बैजनाथ भगत ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता पाने की लालच में राहुल गांधी लगातार निम्न स्तर की राजनीति कर रहे हैं। ऐसी हरकतें कांग्रेस की हताशा को दिखाती हैं।

भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने भी कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की माता के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी वास्तव में पूरे देश की माताओं का अपमान है। भारतीय समाज में मां का स्थान सबसे ऊंचा होता है, और ऐसी टिप्पणी भारतीय संस्कृति और परंपरा का अपमान है।

वहीं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनिता देवी ने कहा कि “राहुल गांधी का यह बयान भारतीय संस्कृति और सभ्यता के खिलाफ है। कांग्रेस नेताओं को देश की मर्यादा और सम्मान की परंपरा को समझना चाहिए।”

इस मौके पर जिला मंत्री स्मृति कुमारी, भाजयूमो जिला उपाध्यक्ष विश्वजीत भगत, राधेश्याम भगत, सुनील नायक, दिलीप पूर्वे, चंदु दास, प्रमोद साह, विजय सिंह, रमण झा, अनुराग, प्रशांत वर्मा, देवादित्य सेन, मो अकरम, सुमित महतो, विजय कुमार, शुभम राज, श्यामसुंदर समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]