सुपौल: गणेश महोत्सव में झिझिया नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां व भक्ति जागरण ने बांधा समां, भक्ति धुनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

News Desk Supaul:

जिले के नगर पंचायत सिमराही इन दिनों भक्ति और आस्था के रंग में रंगा हुआ है। यहां इस वर्ष पहली बार ऐतिहासिक और भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला के बगल में गणेश पूजा समिति सिमराही की ओर से आयोजित यह महोत्सव लगातार श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। रविवार को पूजन के पांचवे दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और भक्ति जागरण में स्थानीय कलाकारों से लेकर बाहर से आए मेहमान कलाकारों तक ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का दिल जीत लिया।

दीप प्रज्वलित करते अतिथि

दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत

भक्ति जागरण की शुरुआत मुख्य अतिथि गोपाल सेन, प्रणव जायसवाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन माधोगड़िया, समिति अध्यक्ष विवेक जायसवाल, बिनोद भगत, गणेश दास, रिंकू भगत, प्रमोद साह, अमित भगत, अरविंद जायसवाल, रितेश मिश्र के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। मंच पर समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्थानीय समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक भव्य बना दिया।

झिझिया प्रस्तुत करते स्थानीय बच्चे

झिझिया नृत्य ने बिखेरी लोक संस्कृति की छटा

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय बच्चों द्वारा प्रस्तुत झिझिया नृत्य से हुई। पारंपरिक धुनों पर सजे-धजे बच्चों का यह प्रदर्शन श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों की इस प्रस्तुति ने जहां लोक संस्कृति की झलक दी, वहीं भक्ति भाव का अनोखा वातावरण भी बनाया।

बच्चों को सम्मानित करते समिति के अध्यक्ष

प्रतिभाओं का सम्मान

शनिवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या के दौरान मंच पर स्थानीय बच्चों और युवाओं ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया था। इनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समिति की ओर से प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। बच्चों को मिला यह सम्मान उनके उत्साह को और बढ़ाता हुआ नजर आया।

भजन प्रस्तुत करते गायिका

बाहर से आए कलाकारों का जादू

स्थानीय प्रस्तुतियों के बाद बाहर से आमंत्रित कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। देर रात तक चले इस भक्ति जागरण में कलाकारों ने जहां भक्ति रस में डूबे गीत गाए, वहीं सुंदर झांकियों की प्रस्तुति भी दी। आकर्षक झांकी पूरे आयोजन की मुख्य आकर्षण बनी, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु देर रात तक डटे रहे।

कलाकारों द्वारा आयोजित झांकी

श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

पूरे आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भजन-कीर्तन और झांकियों के बीच देर रात तक लोग भक्ति रस में डूबे रहे। गणपति बप्पा मोरया के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा और श्रद्धालु देर रात तक महोत्सव का आनंद उठाते रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु

धार्मिक और सांस्कृतिक संगम

सिमराही में आयोजित यह पहला गणेश महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने लोक संस्कृति, कला और सामुदायिक एकजुटता का अनोखा संदेश भी दिया। इस अवसर पर लोगों ने एक स्वर में कहा कि आने वाले वर्षों में यह महोत्सव और भी भव्य स्वरूप लेगा और सिमराही की पहचान बनेगा।

भजन प्रस्तुत करते गायक

मौके पर आयोजन समिति निगरानी टीम के सदस्य बिंदी प्रसाद गुप्ता, सानू माधोगड़िया, अरविंद जायसवाल, समिति के उपाध्यक्ष संतोष चौधरी, चंदन साह, सागर कुमार, अभिषेक बच्चन, सचिव विश्वजीत भगत, सह सचिव ब्रजेश गुप्ता, पप्पू पोद्दार, कोषाध्यक्ष बालमुकुंद कुमार, सह कोषाध्यक्ष कुंदन विवेक, महताब चाँद, कुंदन जायसवाल, देवादित्य सेन सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]