सुपौल: एनएच-27 पर ट्रक हादसा: 13 मवेशियों की मौत, 4 घायल, पुलिस ने वाहन जब्त किया

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतपुर पंचायत के मझौआ गांव के समीप एनएच-27 पर गुरुवार अहले सुबह बड़ा हादसा हो गया। करीब तीन बजे एक बंद बॉडी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे 13 मवेशियों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय पूर्व मुखिया भूपेंद्र कुमार ने बताया कि हादसा ट्रक चालक को झपकी आने की वजह से हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मवेशी एंबुलेंस बुलाकर घायलों का इलाज शुरू कराया। वहीं, जेसीबी की मदद से मृत मवेशियों को वाहन से निकाला गया।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि बंद बॉडी ट्रक में इतनी संख्या में मवेशियों को क्यों लाया जा रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि यह मामला पशु क्रूरता अधिनियम से जुड़ा हो सकता है। साथ ही प्रशासन से ऐसे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]