सुपौल: विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने की महत्वपूर्ण बैठक, नोडल पदाधिकारियों को दिए निर्देश

News Desk Supaul:

आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुपौल की अध्यक्षता में अपराह्न 5 बजे समाहरणालय स्थित सभागार में विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों एवं वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से निर्वाचन से जुड़ी गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्वाचक सूची एवं ईपिक वितरण के लिए हाउस टू हाउस सर्वेक्षण किया जाए तथा विगत चुनावों के डाटा की तैयारी उप निर्वाचन पदाधिकारी, सुपौल द्वारा समय पर सुनिश्चित की जाए।

मतदान कर्मियों और अर्द्धसैनिक बलों के उपयोग के लिए वाहनों की आवश्यकता का आकलन करने का कार्य वाहन कोषांग के नोडल पदाधिकारी को सौंपा गया। इसी तरह मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक भागीदारी (SVEEP) की कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश स्वीप कोषांग को दिया गया।

निर्वाचन व्यय एवं अनुश्रवण से संबंधित प्रस्तुति और प्रतिवेदन तैयार करने की जिम्मेदारी निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग को सौंपी गई। साथ ही, ईवीएम एवं वीवीपैट की तैयारी, संचार योजना और कार्मिकों के प्रशिक्षण से जुड़ी कार्ययोजना संबंधित नोडल पदाधिकारियों से तैयार करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारी की भी समीक्षा की। इस क्रम में पुलिस अधीक्षक, सुपौल से सुरक्षा व्यवस्था संबंधी प्रस्तुति उपलब्ध कराने तथा उप विकास आयुक्त, सुपौल से अर्द्धसैनिक बलों के आवासन स्थल पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]