सुपौल: सिमराही बाजार में व्यापारियों का आक्रोश, पुलिस की निष्क्रियता पर फूटा गुस्सा, बाजार बंद कर किया विरोध प्रदर्शन

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में रविवार को व्यापारियों ने बाजार बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित व्यापारियों का कहना है कि थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं का सिलसिला बढ़ता जा रहा है, लेकिन पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

बंद दुकानें

30 लाख की ज्वेलरी चोरी बनी वजह

बीते 10 सितंबर को सिमराही बाजार स्थित सर्राफ ज्वेलर्स में करीब 30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी हो गए थे। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने बताया कि चोरी की घटना के बाद पुलिस ने 36 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी न तो अपराधियों की पहचान हो सकी और न ही कोई गिरफ्तारी हुई।

बाजार बंद कराते व्यापारी

थानाध्यक्ष के आश्वासन के बावजूद भड़का गुस्सा

व्यापारियों ने बताया कि घटना के दिन ही बाजार बंद करने का प्रस्ताव रखा गया था। लेकिन राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने अपराधियों को पकड़ने के लिए 36 घंटे का समय मांगा था। अब समय बीत जाने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापारियों ने बाजार बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरने पर बैठे व्यापारी

DSP ने दिया कार्रवाई का भरोसा

आक्रोश बढ़ता देख डीएसपी सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर घटना का उद्भेदन किया जाएगा। DSP के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने बाजार बंदी को समाप्त किया।

व्यापारियों से वार्तालाप करते DSP

डीएम को सौंपा गया ज्ञापन

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और भी उग्र होगा। इस दौरान व्यापारियों ने अपने मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।

बंद दुकानें

घटना से आक्रोशित व्यापारियों का कहना है कि राघोपुर थाना क्षेत्र में आए दिन चोरी, लूट जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।

बंद दुकानें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]