जन सुराज पार्टी ने तेज की विधानसभा चुनाव की तैयारी, सुपौल के निर्मली में संभावित प्रत्याशियों की बैठक संपन्न

News Desk Supaul:

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने अपनी तैयारियों को पूरी गति दे दी है। पार्टी स्तर पर प्रत्याशी चयन प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसी क्रम में शुक्रवार को निर्मली विधानसभा क्षेत्र के मोतीपुर में जन सुराज पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के सभी संस्थापक और प्राथमिक सदस्य, संभावित प्रत्याशी, तथा जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए।

यह बैठक राज्य मुख्यालय स्तर से नियुक्त पर्यवेक्षकों की निगरानी में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत जिला अध्यक्ष इंद्रदेव शाह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें संगठन की मजबूती और विधानसभा चुनाव में बेहतर तैयारी पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्मली विधानसभा क्षेत्र के संभावित प्रत्याशियों—राम प्रवेश यादव, मीनू कुशवाहा, एमपी मेहता, प्रहलाद कुमार, देवेंद्र सरदार और शांति देवी—ने अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में विचार रखे और जनता से जुड़ाव, संगठन के प्रति समर्पण एवं क्षेत्र की प्राथमिक समस्याओं के समाधान पर अपनी योजनाएं प्रस्तुत कीं।

बैठक के अंत में सभी संस्थापक और प्राथमिक सदस्यों से बंद लिफाफे में अपनी राय पर्यवेक्षकों को सौंपने के लिए कहा गया। इन रायों को संकलित कर पर्यवेक्षक अपनी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को भेजेंगे, जिसके आधार पर प्रत्याशी चयन को अंतिम रूप दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, यह प्रक्रिया 3 से 8 अक्टूबर तक पूरे बिहार की सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की जा रही है। इससे पहले पार्टी द्वारा दो चरणों में जिला और प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों की राय ली जा चुकी है। अब अंतिम चरण में विधानसभा स्तर पर सभी संस्थापक और प्राथमिक सदस्यों से राय लेकर उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, 9 अक्टूबर को जन सुराज पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जाएगी, जो अन्य दलों की तुलना में सबसे पहले होगी।

बैठक में जिला प्रभारी, जिला संगठन महामंत्री, जिला चुनाव अभियान समिति के संयोजक, तथा सभी प्रखंड अध्यक्षों की सक्रिय उपस्थिति रही। बैठक का संचालन राज्य पर्यवेक्षक अभय कुमार सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]