सुपौल: पिपरा में जलजमाव को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, NH-106 को किया घंटों जाम

Report: Amresh Kumar|Supaul

सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत अमहा पंचायत के वार्ड संख्या 1 और 10 में पिछले कई दिनों से जारी जलजमाव की समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 106 को तेतराही के समीप जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। अचानक हुए इस सड़क जाम से मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

ग्रामीणों का कहना था कि हाल में हुई बारिश के कारण वार्ड एक और दस के दर्जनों घरों व आंगनों में बारिश का पानी भर गया है। पानी की निकासी नहीं होने से पूरे इलाके में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों के घर, आंगन और गलियां तालाब जैसी हो गई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से स्थिति ऐसी ही बनी हुई है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और लोग बीमार पड़ने लगे हैं।

ग्रामीणों ने स्थानीय पिपरा प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। प्रशासन की उदासीनता के कारण लोगों का जनजीवन नारकीय हो गया है। मजबूर होकर लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया। इसके बाद NH-106 पर आवागमन बहाल हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]