सुपौल: त्रिवेणीगंज में जदयू प्रत्याशी सोनम रानी सरदार ने दाखिल किया नामांकन, जनसभा में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने भरी हुंकार

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को सुपौल जिले की त्रिवेणीगंज (सुरक्षित) सीट से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी सोनम रानी सरदार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम सह निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया।

नामांकन के बाद साइंस कॉलेज परिसर में आयोजित भव्य जनसभा में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। मंच पर एनडीए के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे जिन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया और सोनम रानी के पक्ष में वोट देने की अपील की।

सभा के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि “अब त्रिवेणीगंज की आवाज पटना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार ‘जंगलराज’ की पहचान था, लेकिन नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार ने राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।

सीएम सैनी ने कहा कि आज हर गांव सड़क और बिजली से जुड़ा है, हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं और बिहार अब “नए भारत की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार में केवल छह मेडिकल कॉलेज थे, जबकि आज पंद्रह से अधिक मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, कर्पूरी ठाकुर स्किल यूनिवर्सिटी और बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सब डबल इंजन सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।

सभा को संबोधित करते हुए अररिया सांसद प्रदीप सिंह ने कहा कि “नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी जैसे ईमानदार नेता ही बिहार को ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।” वहीं ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि “नीतीश कुमार का कर्म और संकल्प ही उन्हें जनता का प्रिय बनाता है — रूप नहीं, गुण देखो, कर्म देखो।”

सभा स्थल पर ‘तीर पर बटन दबाओ, विकास को आगे बढ़ाओ’ जैसे नारों से पूरा मैदान गूंज उठा। समर्थकों के जोश और नेताओं के तीखे भाषणों से त्रिवेणीगंज का चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]