सुपौल: एस. आर. शिक्षा सम्राट स्कूल सिमराही में दीपावली उत्सव और रंगोली प्रतियोगिता में झलकी रचनात्मकता व सामाजिक संदेशों की चमक

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के सिमराही नगर पंचायत स्थित एस. आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में दीपावली उत्सव एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण दीपों की रौशनी और रंग-बिरंगी रंगोलियों से जगमगा उठा। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पूरे मनोयोग से कार्यक्रम में भाग लेकर इसे यादगार बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कला कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई सामाजिक विषयों पर अपनी सोच को रंगों के माध्यम से व्यक्त किया। “पर्यावरण संरक्षण”, “पृथ्वी बचाओ”, “सतत पोषणीय विकास” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसे गंभीर विषयों को बच्चों ने कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

कई प्रतिभागियों ने बाल श्रम उन्मूलन जैसे संवेदनशील विषय पर भावनात्मक रंगोली बनाकर दर्शकों को सोचने पर विवश कर दिया।

वहीं, कुछ विद्यार्थियों ने आधुनिक युग की चुनौती “सोशल मीडिया एडिक्शन” पर रंगोली बनाकर समाज में जागरूकता का संदेश दिया। विद्यालय में पूरे दिन उल्लासपूर्ण वातावरण रहा। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र, शिक्षक और अभिभावक एक साथ दीपावली के इस सांस्कृतिक पर्व में शामिल हुए।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता, प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता और प्राचार्य किसलय रवि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

चेयरमैन महादेव मेहता ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दीवाली का यह पावन पर्व हमारे जीवन में समृद्धि, खुशियाँ और प्रकाश लेकर आए। यह त्यौहार अंधकार से प्रकाश और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।

प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय की प्रगति में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों का योगदान सराहनीय है। दीपावली का सच्चा अर्थ तभी सफल होता है जब हम ज्ञान के दीप जलाएँ और समाज में शिक्षा का प्रकाश फैलाएँ।

वहीं, प्राचार्य किसलय रवि ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि रंगोली जैसी प्रतियोगिताएँ न केवल हमारी सांस्कृतिक परंपरा को जीवित रखती हैं बल्कि बच्चों को सामाजिक विषयों के प्रति संवेदनशील बनाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार देकर उनके योगदान की सराहना की गई। आयोजन को सफल बनाने में रणजीत लामा, कृष्णा गुप्ता, अर्जुन कुमार, मनीषा झा, काजल राउत, आनंद मोहन सहित पूरे विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]