सुपौल जिले में दूसरे चरण का नामांकन संपन्न, कुल 49 उम्मीदवार मैदान में — पिपरा में 8 नामांकन रद्द, कई बड़े चेहरे भी चुनावी अखाड़े में

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। सुपौल जिला, जहां दूसरे चरण में मतदान 11 नवंबर को होना है, में कुल 49 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध घोषित किए गए हैं। जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सावन कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पांच विधानसभा क्षेत्रों सुपौल, निर्मली, छातापुर, त्रिवेणीगंज और पिपरा से 57 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद कुल 49 अभ्यर्थियों के नामांकन को वैध पाया गया है, जबकि पिपरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 8 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिए गए हैं।

विधानसभा वार नामांकन स्थिति

जिले की पांच सीटों पर कुल 49 नामांकन वैध पाए गए हैं। इनमें छातापुर में 13, निर्मली में 8, त्रिवेणीगंज में 5, पिपरा में 14 और सुपौल में 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों की बात करें तो छातापुर से 4, निर्मली से 1, पिपरा से 4 और सुपौल से 1 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं।

बड़े चेहरे भी मैदान में

दूसरे चरण के इस चुनावी रण में जिले की कई सीटों से प्रमुख राजनीतिक दलों के दिग्गज उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

  • सुपौल विधानसभा से जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री विजेंद्र यादव मैदान में हैं।
  • छातापुर विधानसभा से भाजपा के मंत्री नीरज कुमार सिंह ‘बबलू’ चुनावी अखाड़े में हैं।
  • निर्मली विधानसभा में राजद के अनुभवी नेता बैद्यनाथ मेहता अपनी ताकत दिखा रहे हैं।

निर्दलीयों का भी जोर

जिले में इस बार निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या भी उल्लेखनीय है। कुल 49 में से 10 निर्दलीय उम्मीदवार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं।

नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही अब प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।  आने वाले दिनों में राजनीतिक सरगर्मी और तेज़ होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]