सुपौल में आचार संहिता पालन को लेकर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, सैकड़ों प्रचार सामग्री हटाई गई, शिक्षिका पर एफआईआर दर्ज

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के मद्देनजर सुपौल जिले में आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जिले के सभी अनुमंडलों सुपौल, निर्मली, वीरपुर एवं त्रिवेणीगंज के अंतर्गत आने वाले पाँच विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु व्यापक कार्रवाई की गई है।

सोमवार को पूरे जिले में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों से राजनीतिक प्रचार सामग्री हटाई गई। इस दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सड़कों, बिजली पोलों, सरकारी भवनों एवं कार्यालयों के साथ-साथ निजी भवनों पर लगाए गए राजनीतिक दलों के पोस्टर, बैनर और दीवार लेखन को भी हटाया गया।

जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक जिले में 55 दीवार लेखन, 577 पोस्टर, 275 बैनर तथा 33 अन्य प्रकार की प्रचार सामग्री हटाई या नष्ट की जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

इसी क्रम में, त्रिवेणीगंज विधानसभा क्षेत्र (संख्या-44) के अंतर्गत एक मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षिका मणिमाला कुमारी पर एनडीए प्रत्याशी के नामांकन कार्यक्रम में भाग लेने का आरोप है। इस कृत्य को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए त्रिवेणीगंज थाना में कांड संख्या 526/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी शासकीय कर्मियों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी राजनीतिक गतिविधि में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल न हों, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]