दरभंगा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा, कहा – ‘बिहार को जंगलराज नहीं, विकास की राह पर ले जाना है’

News Desk Darbhanga:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण से पहले राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियों, बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप से चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। इसी क्रम में बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दरभंगा के हायाघाट में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर निशाना साधा और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार के लोगों के सामने अब चुनाव का असली मुद्दा साफ है—“राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना है या फिर जंगलराज की ओर लौटाना है।” उन्होंने बिना नाम लिए राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि “बिहार के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के पूरे परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, जो राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। राजद ने बिहार की छवि देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में खराब की है।”

मोदी सरकार की नीतियों और नीतीश की ईमानदारी की सराहना

रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मोदी जी ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। “देश की अर्थव्यवस्था जो पहले 11वें स्थान पर थी, अब चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है।” उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बिहार के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी।

राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा, “नीतीश जी ने पिछले 20 वर्षों में ईमानदारी और निष्ठा के साथ बिहार की सेवा की है। क्या कोई उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा सकता है? उन्होंने शासन व्यवस्था में पारदर्शिता लाई और बिहार की छवि बदली।”

उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि “संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने अपने 10 वर्षों के शासन में बिहार को मात्र 2 लाख करोड़ रुपये दिए, जबकि मोदी सरकार ने 11 सालों में 15 लाख करोड़ रुपये का अनुदान दिया।”

“हर घर नौकरी” वादे को बताया अव्यावहारिक
राजनाथ सिंह ने राजद के चुनावी घोषणा पत्र पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि “हर घर एक सरकारी नौकरी” देने का वादा सिर्फ लोगों को गुमराह करने की राजनीति है। “क्या बिना लोगों को धोखा दिए राजनीति नहीं की जा सकती?”

उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की राज्य जीडीपी 14 प्रतिशत तक पहुंची है, जिससे राज्य देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार देश का एकमात्र राज्य है, जहां महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त है।

राजग का घोषणा पत्र आज होगा जारी

राजनाथ सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बुधवार को अपना घोषणा पत्र जारी करेगा। उन्होंने दावा किया कि “हम अपने घोषणा पत्र के हर वादे को धरातल पर उतारकर दिखाएंगे। बिहार में लाखों युवाओं को रोजगार मिला है और उन्हें बिना किसी घूस या सिफारिश के नौकरी दी गई है। इतने ईमानदार नेतृत्व पर कोई उंगली नहीं उठा सकता।”

कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा मोदी सरकार ने दिया, न कि राहुल गांधी ने। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न नहीं दिया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने इस महान समाजवादी नेता को यह सम्मान देकर उनकी विरासत को सम्मानित किया।

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया, जो किसी भी सरकार के लिए अभूतपूर्व उपलब्धि है। उन्होंने कहा, “मोदी और नीतीश की नीयत पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। वे बिहार और भारत के विकास के प्रति समर्पित हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]