दरभंगा में गरजे अमित शाह — बोले नीतीश बिहार में, मोदी दिल्ली में… बाकियों के लिए जगह नहीं

News Desk Darbhanga:

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दरभंगा के अलीनगर में एनडीए के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। रैली में उमड़ी भीड़ को देखते हुए शाह ने कहा कि यह जनसैलाब साबित करता है कि बिहार में फिर एक बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है।

भाषण की शुरुआत में शाह ने मिथिला की धरती और माता सीता को नमन करते हुए कहा कि यह भूमि न सिर्फ आस्था बल्कि ज्ञान और संस्कृति की भूमि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने मिथिला की गरिमा बढ़ाई है, कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न और गायिका शारदा सिन्हा को पद्म विभूषण देकर मिथिला की परंपरा और सम्मान को राष्ट्रीय पहचान दी है।

नीतीश कुमार एनडीए के सीएम चेहरा

अमित शाह ने अपने संबोधन में साफ कहा कि “बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा नीतीश कुमार ही हैं।” उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जी, सीएम या पीएम की कोई सीट खाली नहीं है। यहां नीतीश कुमार जी हैं और वहां मोदी जी। आपके लिए कोई जगह नहीं है।

मिथिला की बेटी को दिया सम्मान

अमित शाह ने इस दौरान कहा कि मिथिला की बेटी मैथिली ठाकुर, जो बीजेपी की उम्मीदवार हैं, पूरे देश में मिथिला का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि मिथिला की संस्कृति और परंपरा पर गर्व है, और इसी गौरव को आगे बढ़ाने का काम एनडीए कर रहा है।

विकास कार्यों की झड़ी गिनाई

शाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने बिहार को विकास की नई राह पर अग्रसर किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने मिथिला क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम कदम उठाए हैं—

  • ₹850 करोड़ की लागत से सीता माता मंदिर का भव्य निर्माण रामायण सर्किट के अंतर्गत किया जा रहा है।
  • मखाना बोर्ड की स्थापना और मधुबनी पेंटिंग को जीआई टैग देकर क्षेत्र की कला और कृषि को पहचान दी गई।
  • दरभंगा में मेट्रो परियोजना, कैंसर अस्पताल, और ₹500 करोड़ की लागत से मिथिला म्यूजियम का निर्माण जल्द शुरू होगा।

विपक्ष पर तीखा हमला

अमित शाह ने अपने भाषण में राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू यादव, कांग्रेस और तेजस्वी यादव ने बिहार को सिर्फ घोटालों और भ्रष्टाचार का केंद्र बनाया। जहां मोदी सरकार ने 4 लाख करोड़ की सड़कें बनाईं, वहीं कांग्रेस और आरजेडी ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया — चारा घोटाला, जमीन के बदले नौकरी का घोटाला, ये ही उनकी पहचान है।

जनकल्याण योजनाओं का उल्लेख

शाह ने मोदी सरकार की कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि

  • गरीबों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज (आयुष्मान भारत),
  • हर घर को मकान और गैस कनेक्शन,
  • 5 किलो मुफ्त अनाज,
  • और महिलाओं को 2 लाख रुपये तक लोन देने की सुविधा दी गई है।

रैली के अंत में अमित शाह ने लोगों से अपील की कि दरभंगा की सभी 10 सीटें एनडीए के खाते में डालें ताकि बिहार में विकास की रफ्तार और तेज हो सके। उन्होंने कहा मोदी-नीतीश की जोड़ी ने बिहार को नई दिशा दी है। अब आपको सिर्फ ‘कमल और तीर’ पर बटन दबाकर इस जोड़ी को और मजबूत बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]