नीतीश कुमार का सहरसा में जनसभा: कहा—2005 से काम ही कर रहे हैं, बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाया

News Desk Saharsa:

रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पहली सभा नवहट्टा उच्च विद्यालय प्रांगण में आयोजित की, जहां उन्होंने महिषी विधानसभा सीट से जदयू प्रत्याशी गुंजेश्वर साह के समर्थन में प्रचार किया। सभा की अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष श्रीकांत झा ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया ने किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 24 नवंबर 2005 से अब तक हमने सिर्फ काम ही किया है। उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि “पहले सब कुछ बर्बाद था। अस्पतालों में कोई व्यवस्था नहीं थी, सड़कों की हालत खराब थी, शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई थी। पहले वालों को पंद्रह साल मिले, सात साल खुद रहे, फिर पत्नी को बना दिया। वे लोग सिर्फ अपने परिवार और बच्चों के लिए काम करते थे, जनता के लिए नहीं।”

नीतीश कुमार ने कहा कि “हमने कभी अपने परिवार के लिए राजनीति नहीं की, जनता ही हमारा परिवार है।” उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार राज्य के विकास में हर संभव सहयोग कर रही है और राज्य सरकार लगातार बिहार को आगे बढ़ाने में जुटी है।

मुख्यमंत्री ने रोजगार पर जोर देते हुए कहा कि “हमने अब तक 50 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया है। आने वाले समय में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी देंगे।”

उन्होंने कहा कि 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूहों को ‘जीविका दीदी’ नाम दिया गया और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का अभियान शुरू किया गया। आज राज्य में 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदी सक्रिय हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 2024 से शहरी क्षेत्रों में भी जीविका दीदी योजना शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को 50% आरक्षण देने की बात दोहराई और कहा कि “आज देश में सबसे ज्यादा महिला सिपाही बिहार में हैं, क्योंकि हमने 35 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाया।”

उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। “राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, अब हमारा लक्ष्य है कि विकास हर गांव और हर परिवार तक पहुंचे।”

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री एवं जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मंच पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]