सुपौल: सिमराही बाजार में श्रीराम–जानकी का अलौकिक विवाह, कथा स्थल में उमड़ा भक्तों का हुजूम

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत शांतिनगर में चल रही नौ दिवसीय श्री राम कथा के छठे दिन शनिवार को भगवान श्रीराम और माता जानकी का दिव्य विवाह उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। परम पूज्य संत श्री मुरलीधर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस विशेष प्रसंग को देखने और सुनने के लिए हजारों श्रद्धालु कथा पंडाल में जुटे रहे।

छठे दिन की शुरुआत धनुष भंग के बाद हुए राम–परशुराम संवाद से हुई। कथा वाचक संत श्री मुरलीधर जी ने बताया कि कैसे भगवान श्रीराम ने अपनी विनम्रता से परशुराम के क्रोध को शांत किया। उन्होंने कहा कि विनम्रता सबसे बड़ा अस्त्र है।

शाम के सत्र में कथा पंडाल को विवाह मंडप की तरह सजाया गया था। फूलों, रंगीन वस्त्रों और रोशनी से सजे मंच पर जैसे ही राम–जानकी विवाह का प्रसंग शुरू हुआ, माहौल पूरी तरह धार्मिक उल्लास में डूब गया। कथा के दौरान बरात आगमन, चारों भाइयों का श्रृंगार, मंगलगीत और जयमाल की रस्म का जीवंत वर्णन किया गया।

सीता द्वारा श्रीराम को वरमाला पहनाने का क्षण आते ही पंडाल “जय सिया राम” के जयघोष से गूंज उठा। महिलाओं ने पारंपरिक विवाह गीत गाकर खुशी का इजहार किया, जबकि श्रद्धालु तालियों से उत्सव में शामिल होते दिखाई दिए।

आशीर्वचन में संत श्री मुरलीधर जी महाराज ने कहा कि इस दिव्य विवाह के साक्षी बनने वाले सभी श्रद्धालुओं के जीवन से कष्ट दूर होंगे। उन्होंने विवाह को धर्म, प्रेम और त्याग का प्रतीक बताया।

कथा स्थल पर भक्तों की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल, शौचालय, प्रसाद काउंटर, पुस्तक स्टॉल, बिजली व्यवस्था और सहायता कक्ष की व्यवस्था की गई है। नौ दिवसीय श्री राम कथा 18 नवंबर 2025 तक चलेगी।

मौके पर गोविंद पंसारी, नीरज पंसारी, सचिन पंसारी, राजीव जयसवाल, सुशील कुमार सोमानी, कृष्णा सोमानी, अक्षय कुमार, राहुल पंसारी, कृष्णा सिंह, प्रह्लाद कुमार सिंह, सोनू झा अमित पंसारी, गोपाल पंसारी, सोनू पंसारी, महावीर पंसारी, हर्ष पंसारी, ओमप्रकाश सिंह, रोहित सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]