सुपौल: राघोपुर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही वार्ड संख्या–15 स्थित गमहरिया नहर पुल संख्या–25 के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिंगलास पंचायत वार्ड संख्या–6 निवासी धीरेन्द्र यादव के रूप में की गई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि धीरेन्द्र यादव की आंखों की रोशनी कमजोर थी। गुरुवार सुबह वे रोज की तरह टहलते हुए पास के एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान ललितग्राम से पटना जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण हादसा बेहद भयावह हो गया।

मृतक का फाइल फोटो

सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने नहर पुल के पास रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि सिर धड़ से अलग हो चुका था और खोपड़ी के टुकड़े आसपास बिखरे हुए थे। यह दृश्य देख ग्रामीण दहशत में आ गए और तत्काल इसकी सूचना राघोपुर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]