सुपौल: छातापुर में संपत्ति विवाद ने लिया खूनी रूप, सगे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत राजेश्वरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार अलसुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चुन्नी पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित कामत किशुनगंज गांव में संपत्ति विवाद को लेकर छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की सोई अवस्था में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है।

बताया जाता है कि आरोपी गजेंद्र साह ने अपने बड़े भाई अरविंद साह (38) को उस समय गोली मारी, जब वह अपने घर में सो रहे थे। वारदात के वक्त मृतक की पत्नी रंगीना देवी भी कमरे में मौजूद थीं। गोली लगते ही अरविंद साह की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। भागने के क्रम में वह मृतक का मोबाइल फोन सहित कुछ कीमती सामान भी अपने साथ ले गया।

गोली चलने की आवाज और मृतक की पत्नी के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग जाग गए। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ विभाष कुमार भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए मृतक के कमरे को फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित कर दिया गया है और पुलिस का पहरा भी लगा दिया गया है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम और स्वान दस्ता को भी जांच के लिए बुलाया गया है। डीआईयू की टीम वैज्ञानिक अनुसंधान में जुटी हुई है।

वहीं मृतक के परिजनों का आरोप है कि गजेंद्र साह ने पैतृक संपत्ति के लालच में अपने बड़े भाई की हत्या की है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना के बाद मृतक की पत्नी रंगीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। गांव की महिलाएं उन्हें पानी का छींटा देकर होश में लाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन वह गहरे सदमे में हैं। वहीं, मृतक की दादी मूर्ति देवी छाती पीटकर रोती नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनके घर के चिराग अरविंद की हत्या करने वाले आरोपी पोते को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि मौत की सजा मिलनी चाहिए।

मृतक की दो मासूम बेटियां पांच वर्षीय पल्लवी और तीन वर्षीय साक्षी अपने पिता की मौत से सदमे में हैं। वे किसी से कुछ कह नहीं पा रही हैं और बस हर किसी को निहारती दिख रही हैं। मृतक के पिता हलधर साह मजदूरी के सिलसिले में परदेस में थे। घटना की सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो चुके हैं।

इस पूरे मामले पर एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि छातापुर में हुई इस हत्या की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के लिए अंचल पुलिस निरीक्षक और त्रिवेणीगंज एसडीपीओ को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शव के कान के नीचे धारदार हथियार का निशान भी पाया गया है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि गोली के अलावा अन्य तरीके से भी हमला किया गया हो सकता है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]