News Desk Patna:
बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंडी पछुआ हवाओं और नमी के असर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह रहा है। इसी को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 21 दिसंबर तक के लिए चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनने और विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, रोहतास, औरंगाबाद, गया और कैमूर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है। इसके कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, पटना, भोजपुर, बक्सर और अरवल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी सुबह और रात के समय कोहरा तथा ठंड का असर देखने को मिल सकता है, हालांकि स्थिति ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों की तुलना में कुछ कम गंभीर रहने की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी पटना में अगले पांच दिनों तक ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा। 21 से 23 दिसंबर के बीच सुबह के समय कोहरा या धुंध छाई रहेगी, जबकि दिन चढ़ने के बाद आसमान साफ हो सकता है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 17 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे को देखते हुए आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर सुबह और रात के समय वाहन चलाते समय सावधानी बरतने, जरूरी होने पर ही यात्रा करने और बुजुर्गों, बच्चों व बीमार लोगों को ठंड से बचाने की अपील की गई है। ठंड के इस बढ़ते असर को देखते हुए आने वाले दिनों में अलर्ट की स्थिति में बदलाव की भी संभावना जताई गई है।







