सुपौल: राघोपुर के हरिओम राज का भारतीय वायु सेना में ‘अग्निवीर वायु’ पद पर चयन, लोगो ने दी बधाई

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड के फिंगलास पंचायत अंतर्गत परसरमा वार्ड नंबर–7 के मेधावी युवा हरिओम राज ने भारतीय वायु सेना में ‘अग्निवीर वायु’ (विज्ञान विषय) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल पंचायत बल्कि पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।

हरिओम राज के चयन की खुशी में सोमवार को गांव में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिंगलास पंचायत के मुखिया प्रकाश यादव तथा शाहपुर पृथीपट्टी पंचायत के मुखिया सतीश पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों मुखियाओं ने हरिओम को अंगवस्त्र व स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया और उनकी मेहनत, लगन व अनुशासन की सराहना की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुखिया प्रकाश यादव ने कहा कि हरिओम की सफलता पूरे पंचायत के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है, जिसे हरिओम ने सिद्ध कर दिखाया है। वहीं मुखिया सतीश पांडेय ने कहा कि विज्ञान विषय जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त कर वायु सेना का हिस्सा बनना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

अपने सम्मान से भावुक हरिओम राज ने कहा कि उनका चयन केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प है। उन्होंने अपनी सफलता को मातृभूमि और माता–पिता के चरणों में समर्पित करते हुए कहा कि एक अग्निवीर के रूप में उनका हर प्रयास देश की सुरक्षा और गौरव के लिए समर्पित रहेगा। आधुनिक तकनीक के माध्यम से भारतीय आसमान की रक्षा करना उनका दायित्व होगा, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

इस अवसर पर शाहपुर पृथीपट्टी पंचायत के मुखिया सतीश पांडेय, सरपंच सुभाष कुमार, शिक्षाविद महेश पांडेय, किशोर ठाकुर, प्रदीप यादव (आर्मी), सुभाष पांडेय, ललन पांडेय, लालदेव यादव, कामेश्वर सिंह, प्रोतष पांडेय सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]