News Desk Patna:
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की ओर से जारी ताजा मौसम रिपोर्ट ने बिहारवासियों की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के लगभग सभी जिलों में इन दिनों शीतलहर और घने कोहरे का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक अधिकांश जिलों में घना कुहासा छाया रहेगा। इसका सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ सकता है। खासकर सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की संभावना जताई गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम होने की आशंका है।
तापमान में भारी गिरावट, सीजन का सबसे ठंडा दिन
ठंड के लिहाज से 27 दिसंबर बिहार के लिए इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। राज्य के गया जिले में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे बिहार में सबसे कम रहा। अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पछुआ हवा की रफ्तार धीमी पड़ने और नमी बढ़ने के कारण ठंड के साथ-साथ कोहरे का असर और गहरा हो गया है।
स्वास्थ्य पर बढ़ा खतरा
ठंड और घने कोहरे का असर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों पर सबसे ज्यादा पड़ सकता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग सुबह-शाम घर से बाहर निकलने से बचें। यदि निकलना जरूरी हो तो गर्म कपड़े पहनें, सिर और कान को ढककर रखें तथा ठंडी हवा से खुद को सुरक्षित रखें। ठंड से जुड़ी बीमारियों, खासकर सर्दी, खांसी और सांस संबंधी समस्याओं के मामले बढ़ सकते हैं।
यातायात को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें, तेज रफ्तार से बचें, बहुत जरूरी होने पर ही लंबी यात्रा करें, रेल और हवाई सेवाओं में भी देरी की संभावना बनी हुई है।
नए साल की शुरुआत ठंड और कोहरे में
नए साल 2026 की शुरुआत भी ठंड और कोहरे के बीच होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।







