कैब चालक की लूट के बाद हत्या का खुलासा: सुपौल पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, लूटी गई कार बरामद

News Desk Supaul:

सुपौल जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या कांड का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश हुआ है।

इस मामले का खुलासा एसपी शरथ आर.एस. ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 22 दिसंबर को पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कौशलीपट्टी दाहा नहर के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहचान की प्रक्रिया शुरू की। जांच के क्रम में मृतक की पहचान राजेश्वरी थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार मेहता के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया।

अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक ZOCAR CABS (OPC) Pvt. Ltd. कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य वैज्ञानिक तरीकों के आधार पर मामले की गहराई से जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस हत्या के पीछे लूट की साजिश थी।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सावन कुमार और संजय कुमार मुखिया के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने ZOCAR CABS कंपनी से पहले सिमराही से दरभंगा और फिर दरभंगा से सासाराम के लिए कैब बुक की थी। दोनों आरोपी 20 दिसंबर को सिमराही से रवाना हुए और 21 दिसंबर को सासाराम पहुंचे। इसके बाद वे उसी दिन सासाराम से सिमराही वापस लौटे।

बताया कि 22 दिसंबर को चालक प्रदीप कुमार मेहता मारुति कंपनी की काले रंग की ईटिका कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR10AW4190) लेकर सुपौल के लिए निकले। इसी दौरान दोनों आरोपी भी उनके साथ यात्रा पर निकल गए। रास्ते में कीरहो के पास सुनसान जगह देखकर दोनों आरोपियों ने चालक प्रदीप कुमार का बेल्ट से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कौशलीपट्टी दाहा नहर के पास फेंक दिया और कार लेकर फरार हो गए।

वहीं अनुसंधान के क्रम में दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या के बाद लूटी गई ईटिका कार BR10AW4190 को बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]